सचिन ने दैनिक भास्कर के पाठकों के लिए दिया संदेश- स्पोर्ट्स प्लेइंग नेशन बने भारत
मुंबई. गणतंत्र दिवस से पहले सचिन तेंडुलकर ने भास्कर के पाठकों के लिए संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत केवल स्पोर्ट्स लविंग नेशन ना रहे, वह स्पोर्ट्स प्लेइंग नेशन भी बने। 26 जनवरी को प्रकाशित होने वाले भास्कर के विशेष अंक के लिए सचिन गेस्ट एडिटर बने हैं। सचिन ने कहा कि उनके लिए इस तरह का यह पहला अनुभव था।
'हम हेल्दी हैं, तो भारत हेल्दी है'
सचिन ने कहा, "हम यही मैसेज देना चाहते हैं कि भारत एक स्पोर्ट्स लविंग नेशन है, लेकिन क्या ये एक स्पोर्ट्स प्लेइंग नेशन है? इस जगह एक बहुत बड़ा क्वेश्चन मार्क लग जाता है। अगर दिल पर हाथ रखकर कहेंगे कि है या नहीं, तो मैं कहूंगा कि शायद हम देखना पसंद करते हैं, खेलना नहीं। दैनिक भास्कर के जरिए हमारा मैसेज यही है कि आप खेलना शुरू करें। सभी को कॉम्पीटेटिव स्पोर्ट्स खेलने की जरूरत नहीं है। सभी को मेडल लाने की जरूरत नहीं है। अपनी सेहत का ख्याल रखें। अगर हम हेल्दी हैं तो भारत हेल्दी है।'
'लड़के और लड़कियों को बराबर मौके मिलें'
सचिन ने दूसरा मैसेज दिया- लड़के और लड़कियों में भेदभाव ना करें। दोनों को बराबर मौके दें, बराबर सहयोग करें और प्रोत्साहित करें। हमारी महिला खिलाड़ी सिंधु और साक्षी रियो ओलिंपिक्स में मेडल लेकर आईं। अगर उनके पैरेंट्स ने उन्हें बराबर मौके नहीं दिए होते तो शायद हमें जश्न मनाने का अवसर नहीं मिलता। मैं सभी पैरेंट्स से कहना चाहूंगा कि बेटे-बेटी में फर्क ना करें, दोनों को बराबर मौके दें और उन्हें सपोर्ट करें।
स्पेशल एडिशन में होंगे रोचक किस्से, अनूठे आइडिया
सचिन स्पेशल एडिशन के िलए भास्कर ने कॉन्टेस्ट कराया था। इसमें आई तीन हजार से ज्यादा एंट्रियों में से सचिन ने कुछ आर्टिकल शॉर्ट लिस्ट किए हैं। सचिन द्वारा चुनी गई एंट्रियों को प्रकाशित किया जाएगा। इनमें खेलों को लेकर देश में किए जा रहे काम, ग्राउंड रिपोर्ट, रोचक किस्से और अनूठे आइडियाज पर आधारित आर्टिकल भी होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं