गणतंत्र दिवस का बायकॉट, राज्यपाल राजशेखरन ने खाली मैदान में पढ़ा भाषण
आइजल.70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर मिजोरम के राज्यपाल कुम्मानम राजशेखरन के संबोधन में अलग नजारा देखने को मिला। समारोह के दौरान मैदान करीब-करीब खाली था। संबोधन के वक्त कोई आम नागरिक वहां मौजूद नहीं था। यहां सिर्फ राज्य के मंत्री, विधायक और आला अधिकारी बैठे हुए थे।
दरअसल, राज्य में सिटिजनशिप बिल में संशोधन का विरोध हो रहा है। इसीलिए एनजीओ कॉर्डिनेशन कमेटी ने राज्यस्तरीय बायकॉट का ऐलान किया है। मिरोजम के सामाजिक समूह और छात्र संगठन इस कमेटी में शामिल हैं।
भाषण में राज्यपाल ने कहा, ''मिरोजम की सीमाओं की सुरक्षा की लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार राज्य की जनता के कल्याण और विकास के लिए योजनाओं पर काम कर रही है। राज्य के लोगों को पहचान, संस्कृति और मूल्यों को बढ़ाने के लिए गांव-गांव में सिटीजन रजिस्ट्रेशन कराया गया। सरकार नागरिकों में भाईचारे की भावना विकसित करने के लिए काम कर रही है।''
शराबबंदी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए मिजोरम शराब (रोकथाम और नियंत्रण) अधिनियम, 2014 को खत्म करने के लिए कदम उठाने की तैयारी में है। यह जनवरी, 2015 से राज्य मेंलागू है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 26 जनवरी की वार्षिक परेड में 6 सैन्य टुकड़ियां शामिल हुईं। राज्य के अन्य जिला मुख्यालयों में आला अधिकारियों की अनुपस्थिति में डिप्टी कमिश्नरों ने ध्वजारोहण किया। कुछ जगहों पर लोग विरोध में तख्ती और बैनर लेकर खड़े दिखे। राज्यमें विरोध के बीच गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।
कोई टिप्पणी नहीं