पार्टी चाहती है राहुल गांधी अध्यक्ष पद न छोड़ें; हनुमंत राव ने कहा- वे पार्टी की इकलौती उम्मीद
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली.कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद कई राज्यों में पार्टी पदाधिकारियों के इस्तीफे जारी हैं। इसबीच, शनिवार को कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा- पूरे संगठन की भावना एक है कि राहुल गांधी पद पर बने रहें। उधर, कांग्रेस के सचिव हनुमंत राव ने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी सबकी है। राहुल गांधी कांग्रेस के नए जीवन की इकलौती उम्मीद हैं। वहीं, कांग्रेसके छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पूनिया ने अपने इस्तीफे की खबरों पर कहा कि हर कोई इस्तीफा देगा, कार्यसमिति की बैठक में सबने यही कहा था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा से पूछा गया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता क्यों इस्तीफा नहीं दे रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा कि सबके अनुरोध का तरीका अलग-अलग है। कांग्रेस कार्यसमिति भी राहुल गांधी से अनुरोध कर चुकी हैं कि उन्हें अध्यक्ष बने रहना चाहिए। लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू को कश्मीर समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इस पर खेड़ा ने कहा कि शाह ने वॉट्सऐप से इतिहास का ज्ञान अर्जन किया है, हम उन्हें इतिहास की किताबें भेजेंगे।
राहुल के बगैर जिम्मेदारी नहीं निभा सकता: राव
तेलंगाना के नेता हनुमंत राव ने इस्तीफे में कहा, ''राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी में अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा सकता हूं, इसलिए इस्तीफा दिल्ली भेज दिया है। राहुल अकेले पार्टी की हार की जिम्मेदारी ले रहे हैं, यह सही नहीं है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदारी सभी नेताओं की है। राहुल गांधी कांग्रेस के लिए नए जीवन की इकलौती उम्मीद हैं।''
कांग्रेस नेताओं के इस्तीफों का दौर जारी
राहुल गांधी ने 25 मई को समीक्षा बैठक में लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कई बार नेताओं और सांसदों के आग्रह को ठुकरा दिया। राहुल ने यह भी कहा है कि नए अध्यक्ष के चयन में उनकी कोई भूमिका नहीं है। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में करीब 150 कांग्रेस पदाधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें मध्यप्रदेश के महासचिव दीपक बाबरिया, विवेक तन्खा और गोवा के अध्यक्ष गिरीश चोडंकर के नाम भी शामिल हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं