राहुल की नाराजगी के बाद तीन राज्यों के कार्यकारी अध्यक्षों ने इस्तीफा दिया
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नाराजगी के बाद पार्टी के कई नेताओं ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। इससे पहले राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने गुरुवार कोे इस्तीफे की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के सभी नेताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए, जिससे पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को नई टीम बनाने के लिए छूट मिल सके।
दिल्ली के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोथिया, तेलंगाना के पूनम प्रभाकर और गोवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी स्वीकारते हुए इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा देश भर में 120 पदाधिकारियों ने भी इस्तीफे की पेशकश की। इनमें से कई का कहना है कि वे तब तक इस्तीफा वापस नहीं लेंगे, जब तक कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष बने रहने के लिए राजी नहीं होते।
हरियाणा पदाधिकारियों के साथ बैठक में राहुल ने जताई थी नाराजगी
राहुल गांधी लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए पहले ही इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं। हालांकि, पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया। राहुल ने साफ कर दिया है कि वे कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर नहीं रहेंगे। राहुल ने पिछले दिनों कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राज्य के नेताओं द्वारा हार की जिम्मेदारी न लेने पर नाराजगी जताई थी।
हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक में गुरुवार को राहुल ने कहा था कि हार की जिम्मेदारी लेते हुए ही उन्होंने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा था कि वे किसी से इस्तीफा देने के लिए नहीं कह सकते। यह उनके लिए है, जो हार की जिम्मेदारी लेना चाहते हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं