ईएसआईसी के अस्पतालों में अंशधारकों के अलावा दूसरे लोग भी करा सकेंगे इलाज
नई दिल्ली. कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के अस्पतालों में अंशधारकों के अलावा दूसरे लोग भी अपना इलाज करा सकते हैं। यह फैसला उन लोगों के लिए काफी सुविधाजनक होगा, जो कम खर्च पर अच्छा इलाज करवाना चाहते हैं। श्रम मंत्रालय का कहना है कि इस तरह से ईएसआईसी के अस्पतालों की क्षमता का पूरा इस्तेमाल भी होगा।
मंत्रालय के मुताबिक, श्रम मंत्री संतोष कुमार गंगवार की अध्यक्षता में 5 दिसंबर को हुई ईएसआईसी की 176वीं बैठक में यह फैसला लिया गया।
इस बैठक में तय किया गया कि जिन ईएसआईसी अस्पतालों का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है, वहां पर ऐसे लोगों को भी इलाज की सुविधा दी जाए, जिनका इस योजना के तहत बीमा नहीं किया गया है।
आम लोगों को ओपीडी के लिए 10 रु. और अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में स्वास्थ्य सेवा के सरकारी पैकेज का 25% भुगतान करना होगा। ईएसआईसी एक साल के लिए वास्तविक दरों पर दवाई भी मुहैया कराएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों में कॉन्ट्रैक्ट पर पूर्णकालिक स्टाफ रखने को भी मंजूरी दी गई ताकि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सके। अभी 5200 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। देशभर में ईएसआईसी के 150 हॉस्पिटल हैं, जिनमें मरीजों के लिए 17,000 बिस्तर हैं।
कोई टिप्पणी नहीं