'सुबह 10:30 बजे से पहले मतदान' का अभियान चलाएगी भाजपा

http://bit.ly/2AI4vIL

नई दिल्ली (संतोष कुमार).'हार की समीक्षा नहीं, अब सीधे लोकसभा चुनाव की तैयारी।' भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस मूलमंत्र के साथ 2019 के चुनावों की तैयारी कर ली है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक तीन स्तरीय अभियान का खाका तैयार किया है। पहले स्तर का अभियान है- मेरा परिवार भाजपा परिवार, दूसरा अभियान है- कमल ज्योति संकल्प दीपक प्रज्ज्वलन और तीसरा अभियान है- 10.30 बजे से पहले मतदान।


11-12 जनवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान से पार्टी अभियान आरंभ करेगी। रामलीला मैदान से ही पार्टी ने 2014 में भी चुनावी बिगुल फूंका था। रणनीति के तहत पार्टी 'मेरा परिवार भाजपा परिवार' अभियान छेड़ेगी। इसमें 12 फरवरी से 2 मार्च तक राष्ट्रीय स्तर के नेता-कार्यकर्ता से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता एक साथ अपने घरों पर भाजपा का झंडा और मेरा परिवार भाजपा परिवार का स्टीकर लगाएंगे। इसके बाद बूथ स्तर पर घर-घर जाकर इस अभियान के तहत संपर्क किया जाएगा।


इसके बाद बूथ स्तर पर भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घरों पर 26 फरवरी को कमल के आकार का दीया प्रज्ज्वलित करने की रणनीति बनाई है। भाजपा ने संगठन को हर प्रदेश में सक्रिय रखने के लिए 15 जनवरी से 10 फरवरी के बीच शक्ति केंद्र प्रमुखों का सम्मेलन रखा है। इसके लिए हर प्रदेश में दो क्लस्टर बनाए गए हैं, जिसे खुद अमित शाह संबोधित करेंगे। 5 बूथों पर एक शक्ति केंद्र बनाकर उसकी जिम्मेदारी मंडल स्तर के कार्यकर्ता को दी गई है। इसमें शक्ति केंद्र प्रमुखों को 5 बूथ के सदस्यों और लाभार्थियों की सूची दी जाएगी, जिनसे अगले एक महीने में संपर्क स्थापित करना होगा।


व्यक्तिगत संपर्क के जरिए पार्टी एक और अभियान '10.30 बजे से पहले मतदान' शुरू करने जा रही है, ताकि लोगों को मतदान केंद्र पर ले जाकर अपने पक्ष में माहौल बनाया जा सके। इसी दौरान विश्वविद्यालयों में युवा संसद और प्रबुद्धजनों के साथ सम्मेलन हर राज्य में होगा। अमित शाह या केंद्रीय नेता के दौरेमें इन तीनों कार्यक्रम को एकसाथ पूरा किया जाएगा।

भाजपा की रणनीति में यह अहम कार्यक्रम भी

  • 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाएंगे।
  • भाजपा ने चुनाव प्रचार अभियान के लिहाज से देशभर में करीब 80 प्रकाशन केंद्र बनाए हैं, जहां पार्टी से जुड़ा साहित्य, प्रचार सामग्री उपलब्ध होगी। इन प्रकाशन केंद्रों पर 14 से 20 जनवरी तक राष्ट्रीय नेता प्रेस काॅन्फ्रेंस करेंगे।
  • प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 27 जनवरी और 24 फरवरी को होगा। इसे बूथ स्तर पर अनिवार्य कार्यक्रम के तौर पर आयोजित किया जाएगा।
  • पोस्टल बैलेट का लाभ उठाने के मकसद से पार्टी 15 जनवरी से 3 मार्च तक सैनिक सम्मान अभियान छेड़ने जा रही है। इन राष्ट्रीय कार्यक्रमों के अलावा अपने सातों मोर्चों को समाज के सभी तबकों तक पहुंचने के लिए सक्रिय कर दिया है। किसान, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और युवा मोर्चों को राष्ट्रीय अधिवेशन करने का निर्देश पहले दिया गया था। अब सभी को विस्तृत कार्यक्रम दिए गए हैं, जिसे 8 मार्च तक पूरा करना है।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
mahabharat 2019 exclusive report

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.