कांस्टेबलों को फाइव स्टार होटल में कराई जा रही चाय-काॅफी-पकवान बनाने और सर्व करने की ट्रेनिंग
जयपुर (ओमप्रकाश शर्मा).पुलिस महकमे में जवानों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग के बारे में तो सबकाे पता है, लेकिन क्या आप जानते हैं, इन दिनों हमारे कांस्टेबल एक नई ट्रेनिंग पा रहे हैं। अब जवानों को अफसरों के पास आने वाले मेहमानों को चाय, कॉफी और खाना सर्व के साथ-साथ अलग-अलग पकवान तैयार करने की भी ट्रेनिंग दी जा रही है। डीजीपी कपिल गर्ग के कार्यालय में तैनात जवानों को शहर के नामचीन ललित होटल में बतौर शैफ की ट्रेनिंग कराई जा रही है। फिलहाल डीजीपी कार्यालय से ट्रेनिंग के लिए कांस्टेबल पूरणमल को वहां भेजा गया है।
होटल के अंदर तीन अलग-अलग रेस्तरां व बार हैं। ट्रेनिंग में पूरणमल को सिखाया जा रहा है कि अफसरों के पास आने वाले मेहमानों को किस तरह चाय-काॅफी और खाना परोसा जाए। पूरणमल की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद डीजीपी कार्यालय में तैनात कांस्टेबल बेगाराम को भेजा जाएगा। भास्कर रिपोर्टर ने होटल द ललित पहुंचकर वहां रेस्तरां व किचन में ट्रेनिंग ले रहे पूरणमल पर नजर रखी। जहां वे किचन में एक्सपर्ट शैफ के साथ पकवान बनाने से लेकर रेस्तरां में आने वाले मेहमानों को खाना सर्व करने की ट्रेनिंग लेते नजर आए।
होटल के मार्केटिंग-कम्यूनिकेशन मैनेजर अजीम खान ने बताया- पुलिस के एक जवान को एग्जीक्यूटिव शैफ शैलेश वर्मा से ट्रेनिंग दिलाई जा रही है। वह रेस्तरां में आने वाले मेहमानों को खाना सर्व करता है, साथ ही सुबह से शाम पकवान बनाना सीखता है। पूरणमल को 28 दिसंबर को ट्रेनिंग पर भेजा गया था। उनकी ट्रेनिंग 28 जनवरी तक चलेगी। इसके बाद बेगाराम को इसी तरह की एक महीने की ट्रेनिंग पर भेजा जाएगा।
इस संबंध में बात करने पर रिटायर्ड डीजी रामजीवन मीणा ने बताया कि कांस्टेबलों को होटल में भेजकर खाना पकाने और सर्व कराने का फैसला उचित नहीं है। जो शख्स बतौर कांस्टेबल पुलिस फोर्स में भर्ती हुआ है। उसकी ट्रेनिंग होटल में टेबल-टेबल पर घूमकर खाना परोसने की कैसे हो सकती है। दूसरा...उनसे चाय, काॅफी, खाना सर्व करने का काम लेना भी गलत है। ऐसे काम के लिए दफ्तरों में बकायदा ऑफिस बॉय की नियुक्ति होनी चाहिए और इस तरह की ट्रेनिंग भी उन्हीं की होनी चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं