आईएसआई की महिला एजेंट न्यूड होकर करती थी कॉल, 45 जवान फंसाए
जोधपुर (डीडी वैष्णव).पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की महिला एजेंट के जाल में फंसे जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन के आर्म्ड (टैंक यूनिट) सिपाही सोमवीर सिंह से कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। हनी ट्रैप में फंसाने वाली आईएसआई की महिला एजेंट ने सेना के 45 से ज्यादा जवानों को फांसा था। सोमवीर के पकड़े जाने के बाद जांच के दौरान ये 45 से ज्यादा जवान जांच के दायरे में आ गए हैं।
अनिका चोपड़ा के नाम से फेक फेसबुक आईडी
महिला एजेंट ने 'अनिका चोपड़ा' नाम से फेक फेसबुक आईडी बनाकर जवानों से दोस्ती की। सेना और हनी ट्रैप मामले की जांच से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार अनिका ने 2016 में सबसे पहले सोमवीर को झांसे में लिया। इसके बाद उसकी फ्रेंड लिस्ट के म्युचुअल फ्रेंडस से दोस्ती की। महिला एजेंट खुद को मिलिट्री नर्सिंग सर्विस का कैप्टन बताती थी। मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) सहित टॉप खुफिया एजेंसियां अब इन जवानों पर नजर रखकर जांच में जुटी हैं। इसमें एमआई की जोधपुर यूनिट के साथ राजस्थान सीआईडी (इंटेलिजेंस) की टीमें जुटी है।
सोमवीर से पूछताछ जारी
जयपुर में एडीजी (इंटेलिजेंस) उमेश मिश्रा के अनुसार, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों के चलते सोमवीर को नए साल की शुरुआत में ही हिरासत में लिया गया था। बाद में उसके खिलाफ कुछ सबूत मिलने पर शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। जयपुर में इससे पूछताछ की जा रही है। इसे 18 जनवरी 2019 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सोमवीर पर स्वदेशी अर्जुन टैंक के एक्सरसाइज के वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
कराची की है लड़की
महिला एजेंट ने 2016 में फेसबुक पर फौजी वर्दी में सोमवीर सिंह का फोटो देखकर उससे दोस्ती की। झांसे में आया सोमवीर अनिका चोपड़ा को अपना दिल दे बैठा। हालांकि, वह शादीशुदा है। पहले तो वह मैसेंजर से बात करती थी, बाद में जम्मू के मोबाइल नंबर से लगातार वीडियो औरवॉयस कॉल करने लगी। महिला एजेंट जिस नंबर से कॉल करती थी, उसका आईपी एड्रेस कराची का आ रहा है। सोमवीर के पकड़े जाने के बाद अनिका ने फेसबुक पर फ्रेंड्स की लिस्ट ब्लॉक कर दी, ताकि कोई देख नहीं सके। निजी जानकारी भी छिपा दी। सोमवीर ने अहमदनगर में टैंक के ट्रेनिंग सेंटर से कई महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर कर दी। इसके बाद उसकी तैनाती 2017 में जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन स्थित अर्जुन टैंक की यूनिट में हुई। यहां ये आईएसआई के लिए महत्वपूर्ण मोहरा बना। देश में अर्जुन टैंक की यूनिट जैसलमेर में ही है।
इस यूनिट के कई जवान थे संपर्क में
सोमवीर सहित कई जवानों से सूचनाएं उगलवाने के लिए आईएसआई की महिला एजेंट वीडियो कॉल के दौरान उनको बेपर्दा होकर डांस दिखाती थी। सोमवीर के मोबाइल से उसकी नग्न तस्वीरें भी मिली हैं। सोमवीर के अलावा वह इसी आर्म्ड यूनिट के 4-5 अन्य जवानों के संपर्क में थी और उन्हें भी वीडियो काॅल में नग्न होकर डांस दिखाती थी। वह जवानों को खुद मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की कैप्टन बताते हुए शादी का झांसा भी देती थी। जब वह सूचनाएं पूछने लगी तो दो-तीन जवानों ने किनारा कर लिया, लेकिन सोमवीर उसकी गिरफ्त में था। हालांकि साथियों ने उसे आगाह भी किया, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ।
5 हजार में बेच दिया ईमान
सोमवीर ने महज पांच हजार रुपए के बदले अर्जुन टैंक की एक्सरसाइज सहित कई वीडियो व मूवमेंट महिला एजेंट को दिए थे। अनिका ने पिछले साल जून में सोमवीर के खाते में ये रुपए दिल्ली के लाजपत नगर की एक डिपोजिट मशीन से जमा करवाए। पैसे जमा करने वाला व्यक्ति हेलमेट पहनकर एटीएम में पहुंचा था। खुफिया एजेंसियां उसे ढूंढ रही हैं। इसके बाद जुलाई में दस हजार रुपए मांगे तो जैसलमेर में किसी एजेंट के माध्यम से भेजे। ये एजेंट जैसलमेर रेलवे स्टेशन के पास तक पहुंचा था, लेकिन सोमवीर को कैंट के बाहर जाने की इजाजत नहीं थी। सोमवीर ने एजेंट को कैंट एरिया में बुलाया, लेकिन एजेंट कैंट इलाके में नहीं गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं