सेना में खाने का मुद्दा उठाने वाले जवान तेजबहादुर के बेटे ने खुद को गोली मारी, मौत
रेवाड़ी. बीएसएफ में खराब खाने का मामला उठाने वाले बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर के 22 वर्षीय बेटे रोहित ने खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से घटना को अंजाम दिया। अभी स्पष्ट नहीं हो पाया कि रोहित ने आत्महत्या की है या स्टंट करते समय गोली चली। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
तेज बहादुर प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में गए हुए हैं। उनकी पत्नी शर्मिला प्राइवेट कंपनी में काम करती है। गुरुवार को वह काम पर गई हुई थी। बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ने वाला उनका इकलौता बेटा रोहित घर पर था। शर्मिला ड्यूटी से लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज लगाई तो कोई हलचल नहीं हुई। लोगों ने किसी तरह बाहर से खिड़की खोलकर अंदर देखा तो रोहित लहूलुहान पलंग पर पड़ा था।
पुलिस ने जताई स्टंट से मौत की आशंका
सूचना के बाद पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता लगा कि रोहित के कनपटी के दाएं तरफ गोली मारी थी। पास पड़े तकिये में से भी गोली का निशान था। कयास आत्महत्या व स्टंट दोनों के ही लगाए जा रहे हैं। पिस्तौल की मैगजीन पलंग पर पड़ी मिली है। हो सकता है कि गोली की मैगजीन निकालकर रोहित ने स्टंट का प्रयास किया था, जबकि एक गोली पिस्तौल में रह गई। जांचकर्ता एएसआई दिनेश कुमार के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। बेटे को लहूलुहान हालत में देखते हुए मां शर्मिला सदमे में हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं