दिल्ली से वापस लौटे भाजपा विधायक, येदि ने कहा- गठबंधन सरकार को डरने की जरूरत नहीं
बेंगलुरु. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा कर्नाटक की गठबंधन सरकार को अस्थिर नहीं करेगी। उधर, कांग्रेस नेता और मंत्रीडी शिवकुमार ने कहा कि नाराज विधायकों को मनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ मंत्री भी इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को एक रिजॉर्ट में भेज दिया था। कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा गठबंधन सरकार को गिराने के लिए विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है।
येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा ने कभी भी गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश नहीं की। कांग्रेस नेता अपने विधायकों की नाराजगी दूर करने में नाकाम रहने पर हम पर आरोप लगा रहे हैं। हम किसी भी वजह से इस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश नहीं करेंगे। वे डरें नहीं। हमलोग विपक्ष के तौर पर काम करेंगे। कांग्रेस-जेडी(एस) के नेताओं को इस बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस ने शुक्रवार को विधायक दल की बैठक बुलाई थी। इसमें चार विधायक मौजूद नहीं रहे थे। इसके बाद कांग्रेस अपने सभी विधायकों को एक रिजॉर्ट में भेज दिया था। इस पर येदियुरप्पा ने कहा कि कांग्रेस बगावत के डर से अपने विधायकों को जबरन रिजाॅर्ट में रखा। यह कांग्रेस पार्टी की समस्या है। कांग्रेस ने गलत पूर्वानुमान के आधार पर अपने नेताओं को रिजॉर्ट में रहने को मजबूर किया।
येदियुरप्पा ने कहा, ''रिसॉर्ट में ठहरे अपने सभी विधायकों को मैंने बेंगलुरु लौटने को कहा गया। वे सभी वापस गए हैं। अब हम राज्य के सूखा-प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। यहां लोग परेशान हैं उनकी समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करेंगे।''
सिद्धारमैया ने येदियुरप्पा के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट किया, भाजपा विधायक को दिल्ली से वापस बुलाने और उन्हें सूखा-प्रभावित क्षेत्रों में भेजने के फैसले का मैं स्वागत करता हूं। येदियुरप्पा ने कहा है कि वे राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश नहीं करेंगे और विपक्ष के तौर पर काम करेंगे। उन्हें लोगों के बीच जाना चाहिए और जनता का भरोसा बचाना चाहिए।
कांग्रेस नेता और मंत्री डी के शिवकुमार ने कहा कि वे कांग्रेस विधायकों के संपर्क में थे। नाराज विधायकों को मनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ मंत्रियों के इस्तीफा देने के बारे में उन्होंने कहा- पार्टी के हित में अगर मेरे नेता चाहते हैं, तो मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। हम सभी इसके लिए तैयार हैं।
कोई टिप्पणी नहीं