करगिल के द्रास में पारा माइनस 19.7 डिग्री गिरा, श्रीनगर-जम्मू में सीजन की सबसे सर्द रात
श्रीनगर. कश्मीर में कई जगहों पर शुक्रवार को सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, लद्दाख और करगिल रीजन में पारा लगातार नीचे गिर रहा है। कारगिल के द्रास सेक्टर में शुक्रवार को तापमान माइनस 19.7 डिग्री तक गिर गया। उधर, श्रीनगर और शीतकालीन राजधानी जम्मू में शुक्रवार को सीजन की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार रात श्रीनगर में पारा माइनस 4.2 डिग्री और जम्मू में 5.5 डिग्री पहुंचा।
| जगह | शुक्रवार को न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
| द्रास | - 19.7 |
| लेह | - 13.9 |
| गुलमर्ग | - 11.5 |
| करगिल | - 10.2 |
| कोकेरनाग | - 6.6 |
| काजीगुंड | - 5.0 |
| कुपवाड़ा | - 4.5 |
| श्रीनगर | - 4.2 |
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सैकड़ों गाड़ियां फंसीं
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर शनिवार रामसू के करीब हुए भूस्खलन की वजह से ट्रैफिक रुक गया। हाईवे पर सैकड़ों वाहन खड़े हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, बनिहाल-रामबन इलाके में भूस्खलन हुआ। हाईवे पर सुबह 11 बजे से ट्रैफिक रुका हुआ है। सड़क को साफ करने की कोशिशें जारी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही यातायात शुरू हो जाएगा। बुधवार को भी जवाहर टनल के आसपास बर्फबारी की वजह से ट्रैफिक जाम हो गया था। यह दो दिन बाद शुक्रवार को शुरू हो पाया था।
हिमाचल में सर्दी बढ़ी, मनाली में पारा - 5.6 डिग्री
हिमाचल के ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट जारी है। मनाली में शुक्रवार को -5.6 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर गया। कुफरी में -1.0 डिग्री, केलांग में - 12 डिग्री, काल्पा में -3.0 डिग्री पारा गिरा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं