मोदी ने कहा- कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र फंड जुटाने का जरिया
नई दिल्ली/चेन्नई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र या तो फंड जुटाने का जरियाहैं, या पंचिंग बैग की तरह हैं। प्रधानमंत्री ने यह बात दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान कही।
मोदी ने आरोप लगाया- कांग्रेस नेताओं ने एक ओर सर्जिकल स्ट्राइक का मजाक उड़ाया। दूसरी ओर उन्होंने 1940-50 के बीच जीप घोटाले और 80 के दौर में बोफोर्स, अगस्ता-वेस्टलैंड और पनडुब्बी जैसे घोटालों के जरिए रक्षा क्षेत्र को लूटा।
प्रधानमंत्री ने कहा- उन्हें (कांग्रेस को) यह केवल पैसा बनाने का जरिया दिखता है, फिर भले ही इससे सेनाओं का मनोबल कमजोर क्यों ना होता हो। हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है और हमारा उन पर पूरा विश्वास है।
हाल ही में राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान भी मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा की थी।
मोदी ने राजस्थान में कहा था- सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर विपक्षी दल गर्व महसूस करने की बजाय उदास हो गया।
राहुल गांधी ने कहा था कि मोदीजी ने सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक संपत्ति का रूप दे दिया। वे युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रहे।
राहुल राफेल डील को लेकर भी मोदी पर आरोप लगाते रहे हैं। उनका आरोप है कि राफेल डील में भ्रष्टाचार हुआ है और मोदीजी ने फ्रांस जाकर डील बदल दी।
कोई टिप्पणी नहीं