महिला ने बच्चे को जन्म देने के बाद ट्रेन की टॉयलेट सीट में छोड़ा, 12 घंटे बाद जिंदा मिला
अमृतसर (शिवराज द्रुपद).हावड़ा-अमृतसर मेल में शनिवार को एक नवजात ट्रेन के टॉयलेट में मिला। उसके गले में चुन्नी फंसी थी। कहा जा रहा है कि महिला ने जन्म देने के बाद बच्चे को ट्रेन की टॉयलेट सीट में छोड़दिया। ताकि वह पाइप से नीचे गिर जाए, लेकिन वह करीब 12 घंटे तक उसमें फंसा रहा। शनिवार दोपहर को सफाईकर्मियों ने देखा तो नवजात को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बच्चे की मां का अभी पता नहीं चल पाया है। नवजात की जिंदगी बचाने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर बच्चे को कोई पालने वाला नहीं मिले तो मैं इसे अपने घर ले जाना चाहूंगा।
डॉक्टरों ने बताया कि 12 घंटे तक फ्लश में फंसे रहने से उसे ठंडी हवा का सामना करना पड़ा। इससे उसे सर्दी लग गई है। उम्मीद है कि इलाज के बाद वह सामान्य हो जाएगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऐसा लग रहा है कि महिला ने बच्चे को डिलीवरी के बाद मारने की नीयत से टॉयलेट सीट में छोड़ दिया था।लेकिन वह नीचे नहीं गिरा। बच्चे का जन्म शुक्रवार की देर रात में होने का अनुमान है।
सफाई इंचार्ज गुरदेव सिंह साबी ने बताया बोगियों को चेक करतेहुए मैं बी-3 में पहुंचा। फ्लश का निरीक्षण करने के लिए वाशरूम का दरवाजा खोला तो देखा कि फ्लश में कोई चीज फंसी हुई है। पास जाकर देखा तो बच्चा था। उसके गले में चुन्नी का फंदा लगा हुआ था।
साबी ने तत्काल अपने साथियों को आवाज लगाई। बच्चे को सावधानी से निकाला। देखा तो सांसें चल रही थीं, लेकिन ठंड से उसकी स्थिति खराब हो रखी थी।इसके बाद बच्चे को फौरन अस्पताल पहुंचाया।
कोई टिप्पणी नहीं