'कमलनाथ राजीव गांधी के ड्राइवर थे...' इस मैसेज के साथ वायरल हो रहा है ये फोटो, लेकिन सच कुछ और ही है

http://bit.ly/2T2d73x

नेशनल न्यूज. कमलनाथ ने इसी हफ्ते मध्य प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है। इस मैसेज के साथ काफी पुरानी राजीव गांधी और कमलनाथ की फोटो भी वायरल हो रही है। इस मैसेज में दावा किया जा रहा है कि कमलनाथ कभी राजीव गांधी के ड्रायवर हुआ करते थे और आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए हैं।

क्या है वायरल मैसेज :वायरल मैसेज में जिस फोटो को शेयर किया जा रहा है, उसमें कमलनाथ ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं जबकि राजीव गांधी उनके बगल में बैठे हैं। इसी को लेकर दावा किया जा रहा है कि कमलनाथ, राजीव गांधी के ड्रायवर थे। इस मैसेज के साथ लिखा आ रहा है, 'राजीव जी का ड्रायवर कमलनाथ आज MP का मुख्यमंत्री बना है, आज 2 अरब का मालिक है और कितने अच्छे दिन चाहिए भाईयों। भाईयों बड़ी मुश्किल से फोटो मिला है।'

सच क्या है:पड़ताल में सामने आया कि कमलनाथ बचपन से ही गांधी परिवार के करीबी रहे हैं। कमलनाथ और संजय गांधी बचपन में एक ही स्कूल में पढ़ा करते थे और इंदिरा गांधी ने भी कमलनाथ को अपना तीसरा बेटा बताया था। लिहाजा, इस बात का दावा करना कि कमलनाथ, राजीव गांधी के ड्रायवर थे, गलत है।

क्यों गलत है ये दावा : सबसे पहले हमने इस वायरल फोटो को ढूंढा तो पता चला कि 20 अगस्त 2018 को कमलनाथ ने राजीव गांधी के जन्मदिन के मौके पर इस फोटो को ट्विटर पर भी शेयर किया था। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, 'आईटी और संचार क्रांति के जनक, पंचायती राज के प्रणेता, भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत् शत् नमन।'

कमलनाथ गांधी परिवार के काफी करीब रहे हैं : इसके बाद जब हमने कमलनाथ और गांधी परिवार के रिश्ते के बारे में पता किया तो पता चला कि कमलनाथ और संजय गांधी देहरादूर के दून स्कूल में एक साथ पढ़ा करते थे। इसी वजह से बचपन से ही कमलनाथ गांधी परिवार के काफी करीब रहे हैं। सिर्फ संजय गांधी ही नहीं बल्कि, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी से भी उनके अच्छे रिश्ते थे।

- इतना ही नहीं, कमलनाथ और संजय गांधी की दोस्ती इतनी गहरी थी कि कमलनाथ जेल जाने से भी नहीं हिचके। दरअसल, 1979 में जब इमरजेंसी के बाद पहली बार केंद्र में गैर-कांग्रेसी सरकार बनी तो संजय गांधी को तिहाड़ जेल भेज दिया गया। इसके बाद जेल में संजय गांधी का ख्याल रखने के लिए कमलनाथ ने जज के साथ बदतमीजी की और तिहाड़ जेल पहुंच गए।

कमलनाथ का पहला चुनाव और इंदिरा गांधी : इसके अलावा, 1980 में जब कमलनाथ अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे तो कांग्रेस ने उन्हें छिंदवाड़ा से टिकट दिया। उनके चुनाव प्रचार में इंदिरा गांधी भी पहुंचीं थीं और उन्होंने कहा था, 'मैं नहीं चाहती कि आप कांग्रेस नेता कमलनाथ को वोट दें। मैं चाहती हूं कि आप मेरे तीसरे बेटे कमलनाथ को वोट दें।' इससे पता चलता है कि गांधी परिवार से कमलनाथ के रिश्ते कितने बेहतर और मजबूत रहे हैं। लिहाजा सोशल मीडिया पर ये दावा करना कि कमलनाथ, राजीव गांधी के ड्रायवर थे, गलत होगा।

क्या कमलनाथ 2 अरब के मालिक हैं : इस मैसेज में एक दावा ये भी किया गया है कि कमलनाथ 2 अरब के मालिक हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश के कानपुर में कमलनाथ का जन्म एक कारोबारी और समृद्ध परिवार में हुआ था।

2014 के लोकसभा चुनाव में दिए गए एफिडेविट के मुताबिक, 30 से ज्यादा कंपनियों में कमलनाथ के शेयर हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म के मुताबिक, 2014 में कमलनाथ के पास 206 करोड़ रुपए की संपत्ति थी।
हमारी पड़ताल में ये तो सही निकला कि कमलनाथ के पास 2 अरब (200 करोड़) की संपत्ति है, लेकिन कमलनाथ, राजीव गांधी के ड्रायवर थे, ये गलत साबित हुआ।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Viral Message Claims Kamal Nath Was Rajiv Gandhis Driver

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.