हम कुंबले को कोच बनाए रखना चाहते थे, लेकिन कोहली से विवाद के बाद वे खुद हटे : लक्ष्मण
नेशनल डेस्क, विशाखापत्तनम. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अनिल कुंबले को टीम इंडिया का कोच बनाए रखना चाहता था, लेकिन कप्तान विराट कोहली से मतभेद के बाद वे खुद ही इस पद से हट गए। यह रहस्योद्घाटन शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में बोर्ड की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (सीएसी) के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण ने किया।
2016 में कुंबले बने थे कोच :लक्ष्मण, सचिन तेंडुलकर और सौरव गांगुली वाली सीएसी की सिफारिश पर 2016 में अनिल कुंबले की कोच पद पर नियुक्ति हुई थी। कुंबले के कोच रहने के दौरान टीम इंडिया ने अच्छा प्रदर्शन किया और टीम चैम्पियन ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंची।
- हालांकि, इस दौरान कुंबले और कोहली के बीच मतभेद की खबरें आईं। इसके कुछ दिन बाद चैम्पियंस ट्रॉफी (2017) के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया हार गई। उसके बाद कुंबले ने कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। लक्ष्मण ने कहा, 'कुंबले ने कोच और उससे पहले कप्तान रहते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था। मुझे नहीं लगता कि कोहली ने कोई सीमा-रेखा पार की थी। सीएसी की बैठक में हमने सोचा कि कुंबले को कोच बने रहना चाहिए, लेकिन उन्होंने पद छोड़ना उचित समझा।'
लक्ष्मण ने बताया, 'मैं हमेशा लोगों से कहता हूं कि सीएसी कोई मैरिज काउंसलर नहीं है। हमें सबसे अच्छा कोच ढूंढने का काम मिला था। हमने कुंबले को इस पद के लिए उचित समझा। दुर्भाग्यवश, विराट कोहली और अनिल कुंबले के बीच बात नहीं बन पाई।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं