पहली बार के वोटर्स के लिए भाजपा चलाएगी अभियान-‘पहला वोट मोदी को’
संतोष कुमार (नई दिल्ली).हाल ही में मिली तीन राज्यों में हार के फौरी विश्लेषण में भाजपा ने पाया है कि शहरी-अर्द्ध शहरी युवाओं ने पार्टी को वोट नहीं दिया। लिहाजा, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के युवा मोर्चा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शाह ने 13 दिसंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में इसकी रणनीति बताई।
पार्टी की कोशिश 18-35 साल के करीब 30 करोड़ वोटरों को साधने की है। इसके लिए पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं के लिए 'पहला वोट मोदी को' नारा दिया है। इसेअभियान में बदलने की जिम्मेदारी युवासांसद पूनम महाजन की अगुवाई में युवा मोर्चे को दी गई है। इसके तहत युवा मोर्चा मार्च के पहले तक 14 कार्यक्रम करेगा। अभियान की शुरुआत 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस से होगी। इसी दिन भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन भी संपन्न होगा। शाह का मानना है कि 2019 का चुनाव पानीपत की लड़ाई की तरह है, जिसके बाद देश को मुगलों-अंग्रेजों की गुलामी में 200 साल गुजरना पड़ा। वैसे ही भाजपा 2019 का चुनाव जीतती है तो 50 साल तक संसद से पंचायत तक शासन का लक्ष्य पूूरा होगा। लेकिन हार गए तो हमारी विचारधारा की लड़ाई 25 साल पीछे चली जाएगी।
भाजपा को पिछले लोकसभा चुनाव में 17.5 करोड़ वोट मिले थे, जिनमें पहली बार के वोटरों ने अहम भूमिका निभाई थी। भास्कर से बातचीत में पूनम महाजन ने कहा कि युवा पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करता है, इसलिए विजय लक्ष्य-2019 अभियान में हम इस विश्वास को और मजबूत बनाने का काम करेंगे।18 से 23 साल के 15 करोड़ वोटरों को कॉलेज के माध्यम से जोड़ने के लिए युवा मोर्चे ने छह स्तरीय रणनीति बनाई है। पहली- बेबाक राय रखने वाले लेखक, ब्लॉगर, सोशल मीडिया से जुड़े हुए लोगों की एक टीम बनाएगी। दूसरी- सामाजिक समीकरण के लिहाज से विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की टीम बनेगी। तीसरी- विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों की टीम बनेगी। चौथी- प्रोफेशनल का सहारा लिया जाएगा। पांचवीं- उन लोगों की पहचान की जाएगी जो अच्छे वक्ता हों और नेतृत्व की क्षमता रखते हों। छठी- तकनीक से जुड़ाव और समझ रखने वाले आईटी से जुड़े युवाओं की टीम बनेगी।
गीत-संगीत से लेकर मोटर साइकल रैली तक के आयोजन
- पहला वोट मोदी को: पहली बार के वोटरों को संकल्प दिलाया जाएगा कि जिंदगी का पहला वोट मोदी को दें।
- नेशन विद नमो: नमो युवा नाम से हैश़टैग बनाकर ऑनलाइन अभियान शुरू किया जा रहा है। जिसके लिए एक खास गीत तैयार किया गया है।
- युवा संसद: 15 जनवरी से 10 फरवरी तक देश के सभी विश्वविद्यालयों में इसका आयोजन होगा जिसमें युवाओं को जोड़कर बहस की जाएगी।
- कमल कप खेल प्रतियोगिता: इसका आयोजन जिला और राज्य स्तर पर 12 जनवरी से 15 फरवरी तक होगा।
- कैंपस एंबेसडर नेटवर्क: कॉलेज स्तर पर कैंपस एंबेसडर बनाने का काम शुरू होगा।
- युवा आइकॉन का नेटवर्क: ऐसे युवाओं को जोड़ा जाएगा जो किसी न किसी क्षेत्र में आइकॉन हो चुके हैं।
- ऑनलाइन प्रतियोगिता : का आयोजन होगा।
- नेशन विद नमो लेखक सम्मेलन: 25 से 31 जनवरी तक नगर निगम स्तर पर लेखकों का सम्मेलन होगा जो राजनीति पर कुछ न कुछ लिखते रहते हैं। इस तरह से पार्टी शहरी-अर्ध शहरी युवा लेखकों को जोड़ेगी।
- विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन: 1 से 15 फरवरी तक जिला स्तर पर युवा सम्मेलन होगा।
- कमल युवा महोत्सव: 1 से 15 फरवरी तक पार्टी के साथ जुड़ चुके युवाओं का महोत्सव किया जाएगा।
- राज्य स्तरीय टाउन हॉल: 16 से 22 फरवरी तक विश्वविद्यालयों में इसका आयोजन किया जाएगा।
- राष्ट्रीय युवा टाउन हॉल: 23 फरवरी को दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय युवा टाउन हॉल करेंगे, जिसे नमो एप के जरिए गांव-गांव तक जोड़ा जाएगा।
- नुक्कड़ नाटक: 24 फरवरी से 1 मार्च तक जिला, राज्य, राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन होंगे।
- कमल संदेश मोटरसाइकिल महारैली: 2 मार्च को सभी विधानसभा स्तर पर निकाली जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं