एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा संचालित 129 में से 94 हवाई अड्डे घाटे में रहे
नई दिल्ली. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा संचालित 129 एयरपोर्ट्स में से 94 पिछले वित्त वर्ष (2017-18) में घाटे में रहे। नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने गुरुवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खर्च की तुलना में आय कम होने की वजह से हवाई अड्डे घाटे में रहे। नुकसान कम करने और रेवेन्यू बढ़ाने के लिए एएआई ने प्रयास किए हैं।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि हवाई अड्डों पर चोरी की घटनाओं में कमी आई है। पिछले साल के शुरुआती 6 महीने में 17 एयरपोर्ट्स पर चोरी के 28 मामले सामने आए। साल 2017 में ये संख्या 59 और 2016 में 64 थी।
एक अन्य जवाब में सिन्हा ने कहा कि ड्रोन उड़ाने के लिए अभी तक किसी को कोई परमिट जारी नहीं किया गया है। सरकार ने 1 दिसंबर 2018 को इसके लिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की थी।
एयरलाइंस की ओर से यात्रियों से अतिरिक्त चार्ज वसूलने के सवाल पर सिन्हा ने कहा कि विमान कंपनियां पसंद की सीटें चुनने पर पैसा ले रही हैं। इसकी जानकारी उनकी वेबसाइट पर मौजूद है। अतिरिक्त चार्ज तभी लागू होते हैं जब यात्री पसंद की सीट या फिर खाने का विकल्प चुनते हैं। वेब चेक-इन के लिए कोई फीस नहीं लगती।
कोई टिप्पणी नहीं