इस शख्स पर हैं 3 फिल्मी हस्तियों की प्रॉपर्टी हड़पने के आरोप
विनोद यादव, मुंबई .वो आईआईटियन है। आईआईटी मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। मुंबई के बड़े बिल्डर्स में शुमार है। करीब एक हजार करोड़ रुपए का आसामी है और बड़े-बड़े फिल्मी सितारों के साथ उसका संपत्ति को लेकर विवाद है। बात हो रही है समीर भोजवानी की। ये वही समीर है, जिसके जेल से छूटने के बाद अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी थी।
अभिनेता दिलीप कुमार, निर्माता-निर्देशक कमाल अमरोही के बेटे ताजदार अमरोही और मशहूर अभिनेता आमिर खान के चाचा एवं निर्माता-निर्देशक नासिर हुसैन के साथ इसका प्रॉपर्टी विवाद चल रहा है। हाल ही में मुंबई के अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने समीर को जमानत पर रिहा किया है। उसपर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दिलीप कुमार के नाम की बांद्रा, पाली हिल की संपत्ति अपने नाम करने के आरोप हैं। इन आरोपों पर समीर ने भास्कर से बात करते हुए कहा कि दिलीप कुमार और उनकी पत्नी पाली हिल की जिस संपत्ति को अपना बता रहे हैं, उस संपत्ति का कंवेअंस डीड (हस्तांतरण विलेख) मेरे नाम पर है। मेरे खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया गया है। इसके लिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अपने पॉलिटिकल कनेक्शन का इस्तेमाल किया। वे लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं कि मैं किसी तरह से फिर से अंदर चला जाऊं। ताकि दबाव में आकर मैं उनके एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कर दूं। जबकि यह मसला हम दोनों के बीच कई वर्षों से चल रहा है।
दिलीप कुमार को इसकी जानकारी 1998 से है। पाली हिल की जिस जमीन पर दिलीप कुमार का बंगला है, उसे लेकर कुल तीन बिल्डिंग की जमीन पर मेरा मालिकाना हक है।वहीं अभिनेता दिलीप कुमार के वकील चिराग शाह कहते हैं कि सायरा बानो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ट्वीट कर गुहार लगाई थी। इस पर फिलहाल अभी तक कोई सकारात्मक रिस्पॉन्स नहीं आया है। पर हमें उम्मीद है कि जल्द ही कुछ न कुछ सकारात्मक मदद मिलेगी।
समीर भोजवानी को अतिरिक्त सत्र न्यायालय से जमानत मिलने पर उन्होंने कहा कि इस मसले की 7 जनवरी को कोर्ट में दोबारा सुनवाई होने वाली है। सायरा बानो के ट्वीट के बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक प्रेस कांफ्रेंस ली थी। उन्होंने भोजवानी की जमानत रद्द करने के लिए अदालत में अपील की हुई है। चिराग बताते हैं कि दिलीप कुमार का बिल्डर समीर भोजवानी और प्रजीता डेवलपर्स, इन दो लोगों के साथ संपत्ति विवाद चल रहा था। इसमें से प्रजीता डेवलपर्स से दिलीप कुमार केस जीत गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। जबकि भोजवानी का मामला अब भी कोर्ट में विचाराधीन है। परंतु भोजवानी द्वारा विभिन्न अथॉरिटी में शिकायत किए जाने और आपत्ति जताए जाने की वजह से दिलीप कुमार जिस बंगले में रहते थे, उसका रिडेवलपमेंट अभी तक रुका हुआ है।
वकील चिराग शाह दावा करते हैं कि महाराष्ट्र सरकार के राजस्व विभाग द्वारा जारी होने वाले प्रॉपर्टी कार्ड पर अभी तक दिलीप कुमार और खटाव फैमिली के सदस्यों का ही नाम है। प्रॉपर्टी कार्ड पर बिल्डर समीर भोजवानी का नाम अब तक नहीं चढ़ा है। इस पर बिल्डर समीर भोजवानी की दलील है कि प्रॉपर्टी कार्ड पर खटाव फैमिली का नाम होना स्वाभाविक है क्योंकि उनके पिता ने खटाव फैमिली से ही बांद्रा, पाली हिल वाली प्रॉपर्टी खरीदी थी। अब हमने इस प्रॉपर्टी पर अपना नाम दर्ज कराने की प्रोसेस शुरू की है।
चूंकि मामला कोर्ट में चल रहा है। लिहाजा इसमें 5 से 10 साल का वक्त लग सकता है। पर दिलीप कुमार जिस प्रॉपर्टी को अपनी बता रहे हैं, उसका इंडेक्स-टू सहित कोर्ट के आदेश मेरे पक्ष में हैं।वहीं दूसरी तरफ बीते जमाने की अभिनेत्री मीना कुमारी बांद्रा (प.) के जिस रेम्ब्रांट इमारत में निर्माता-निर्देशक कमाल अमरोही के साथ करीब 14 वर्षों तक रहीं, उसके एक फ्लैट के मालिकाना हक को लेकर बिल्डर समीर भोजवानी और कमाल अमरोही के बेटे ताजदार अमरोही के बीच विवाद है। संपत्ति का यह विवाद सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। रेम्ब्रांट इमारत करीब 65 साल पुरानी है। इस इमारत में ताजदार अमरोही का करीब 2 हजार वर्ग फीट का फ्लैट है। इस इमारत को तोड़कर वहां समीर भोजवानी बहुमंजिला इमारत का निर्माण करना चाहते हैं, क्योंकि इमारत का मालिकाना हक उनके पास है। दरअसल समीर भोजवानी का कहना है कि ताजदार अमरोही ने उन्हें पिछले करीब 25 वर्षों से किराया नहीं दिया है। यह मामला जब मुंबई के सिटी सिविल कोर्ट और मुंबई हाईकोर्ट में गया, तो वहां अमरोही मुकदमा हार गए हैं। समीर भोजवानी ने बांद्रा, पाली हिल की इस रेम्ब्रांट इमारत को 1998 में खरीदा है।
मशहूर फिल्म निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक नासिर हुसैन से भी बिल्डर समीर भोजवानी का विवाद है। नासिर हुसैन मशहूर अभिनेता आमिर खान के चाचा हैं। उन्होंने यादों की बारात जैसी हिट फिल्म का निर्माण किया था। इसके साथ ही कयामत से कयामत तक जैसी हिट फिल्म भी बनाई। नासिर हुसैन का बंगला जिस प्लॉट पर है। उस पर समीर भोजवानी मालिकाना हक का दावा कर रहे हैं। यह बंगला करीब 16 हजार वर्ग फीट में है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए है। हुसैन के बंगले से ही लगकर 21 हजार वर्ग फीट का एक और प्लाॅट है। इन दोनों प्लाॅट पर बिल्डर समीर भोजवानी मालिकाना हक होने का दावा कर रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं