भाजपा विधायक ने कहा- वंदेमातरम् न बोलने वाले देश छोड़ दें, टिकट के पैसे मैं दूंगा
मुजफ्फरनगर. खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का विदेशों में डंका बज रहा है। लोग भारत माता और वंदेमातरम् का जयघोष कर रहे हैं, लेकिन कुछ देशद्रोही और गद्दारों को यहां खतरा महसूस होता है। ऐसे लोग देश छोड़ दें। देश से बाहर जाने की टिकट का खर्चा वे देंगे।" वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि अगर उन्हें गृह मंत्रालय सौंप दिया जाए तो इन गद्दारों को वे बम से उड़ा देंगे।
गुरुवार को यहां एक कार्यक्रम मेंसैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दोबाराप्रधानमंत्री बने तो भारत विश्व का नंबर-एक राष्ट्र बन जाएगा। कुछ देशद्रोही और गद्दार नहीं चाहते कि भारत विश्व का पहला देश बने। कुछ गद्दार भारत में रहते हैं। यहां की सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हैं, मगर भारत माता की जय बोलने से परहेज करते हैं।
जवानों को एक-एक गोली का हिसाब देना पड़ता था, अब नहीं
विक्रम सैनी ने कहा, "पिछली सरकारों में हमारे सैनिकों को एक-एक गोली का हिसाब देना पड़ता था। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब देने की छूट दे रखी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को बदमाशों को मारने की छूट दे रखी है।"
राजबब्बर ने कहा- ऐसे लोगों को सजा मिले
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी कहते हैं कि ठोक दो, विधायक कहते हैं कि लोगों को बम से उड़ा दो। ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और सजा देना चाहिए। ये लोग आतंकवादियों की तरह बोल रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं