नीरव मोदी बोला- कुछ गलत नहीं किया, सुरक्षा कारणों से भारत नहीं आ सकता
नई दिल्ली. 13,700 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी ने विशेष अदालत को जवाब भेजा है कि उसने कुछ गलत नहीं किया। पीएनबी घोटाला दो पक्षों के बीच लेन-देन का मामला है जिसे आपस में सुलझाया जा सकता है। इसे बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया। नीरव ने कहा कि वह सुरक्षा कारणों से भारत नहीं आ सकता।
प्रवर्तन निदेशायल (ईडी) ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग (पीएलएलए) कोर्ट में नीरव के खिलाफ अर्जी दाखिल की थी। ईडी चाहता है कि नीरव को आर्थिक भगोड़ा अपराधी कानून-2018 के तहत भगोड़ा घोषित किया जाए। ईडी की याचिका पर पीएमएलए कोर्ट ने नीरव से जवाब मांगा था।
पिछले महीने नीरव के वकील ने भी विशेष अदालत में सुरक्षा की दलील दी थी। उसने कहा था कि नीरव की वापसी इसलिए नहीं हो सकती क्योंकि भारत लौटने पर उसे मॉब लिंचिंग का खतरा है। कोर्ट ने इस दलील को मानने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि इसका हमारे मामले से कोई लेना-देना नहीं है। अगर कोई खतरा है तो नीरव को पुलिस से सुरक्षा मांगनी चाहिए।
इस साल फरवरी के पहले हफ्ते में पीएनबी घोटाले का खुलासा हुआ था। इससे पहले ही नीरव विदेश भाग गया था। फिलहाल वह यूके में रह रहा है। नीरव और उसके मामा मेहुल चौकसी ने फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग्स के जरिए बैंकों से रकम लेकर विदेशों में ट्रांसफर की। सरकार दोनों के प्रत्यर्पण की कोशिशों में जुटी है। नीरव ब्रिटेन में है। चौकसी एंटीगुआ की नागरिकता ले चुका है।
ईडी ने मेहुल चौकसी के गीतांजलि ग्रुप से जुड़ी कंपनी की थाईलैंड स्थित फैक्ट्री भी अटैच की है। इस फैक्ट्री की कीमत 13 करोड़ रुपए है। ईडी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोई टिप्पणी नहीं