औरंगाबाद के देव में नक्सली हमला; एक की हत्या, 3 बस समेत 7 वाहन फूंके
औरंगाबाद.देव थाना के सुदी बीघा गांव में ट्रांसपोर्टर के दो घरों पर शनिवार की रात करीब 10 बजे 15 हथियारबंद नक्सलियों ने धावा बोला और आग लगा दी। इस दौरान ट्रांसपोर्टर सुनील सिंह के एक परिजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नक्सलियाें ने 3 बसों समेत 7 वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
नक्सलियों ने 50 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। कई बम भी फोड़े। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली केताकी रोड होते हुए माओवाद जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भाग गए।घटना के पीछे रंगदारी का विवाद बताया जा रहा है। नक्सलियों ने सुनील सिंह से रंगदारी मांगी थी। घटना के करीब एक घंटे बाद कई थानों की पुलिस औरसीआरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान शुरू कर दिया है। लेकिन, खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि 7 बाइकों पर सवार होकर रात करीब 10 बजे 15 नक्सली गांव में आ धमके। गोलू बस के संचालक सुनील सिंह के सुदी बीघा स्थित पैतृक घर के बाहर आईडी ब्लास्ट किया। घर के बाहर खड़ी 3 बसें, कार, कमांडर जीप व अन्य वाहनों को बारी-बारी से फूंक दिया। इसी दौरान नक्सलियों ने बस मालिक के घर पर अंधाधुंध फायरिंग भी की, जिसमें सुनील के परिजन को गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। फिर नक्सलियों ने बस मालिक के देव बाजार के केताकी मोड़ स्थित नए घर पर भी हमला किया। यहां भी उसी अंदाज में वाहनों को जलाया और ब्लास्ट किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं