देवगौड़ा ने कहा- मैं भी एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर था
नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने शनिवार को कहा कि वह भी एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर थे। 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' फिल्म प्रधानमंत्री के तौर पर डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर आधारित है। इसे लेकर विवाद हो रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह उनकी पार्टी छवि खराब करने की कोशिश है।
अगले महीने रिलीज होने वाली इस फिल्म पर देवगौड़ा ने कहा, ''असल में मुझे नहीं पता कि किसने और क्यों इसकी इजाजत दी। यह कोई 3-4 महीने पहले शुरू हुई। मुझे इसके बारे में ज्यादा नहीं पता। मैं खुद एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर था।''
1996 के आम चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला था। तब गैर कांग्रेसी और गैर भाजपा ने सरकार बनाई, जिसने देवगौड़ा को प्रधानमंत्री पद के लिए चुना। इस बीच भाजपा ने देवगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी को एक्सीडेंटल सीएम करार दिया है।
फिल्म संजय बारू की इसी नाम से लिखी किताब पर आधारित है, जिसका ट्रेलर गुरुवार को मुंबई में रिलीज किया गया। मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री थे। इस दौरान बारू 2004 से 2008 तक सिंह के मीडिया सलाहकार थे।
गुरुवार को भाजपा ने इस फिल्म का ट्रेलर अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया था। इस पर कांग्रेस ने ऐतराज जताया था। कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया ने कहा था, ''यह भाजपा का खेल है। उन्हें पता है कि (सरकार के) पांच साल पूरे हो गए और उसके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है, ऐसे में वह ध्यान भटकाने के लिए यह हथिकंडे अपना रही है।''
फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार अनुपम खेर ने और सोनिया गांधी का किरदार जर्मन एक्ट्रेस सुजैन बर्नेट ने निभाया है। राहुल गांधी की भूमिका में अर्जुन माथुर नजर आएंगे।
कोई टिप्पणी नहीं